बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही गांव स्थित रियल इस्पात एंड स्टील प्लांट में हुए भीषण धमाके में बिहार के मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायल मजदूरों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और नई दिल्ली स्थित रेजिडेंट कमिश्नर को छत्तीसगढ़ सरकार से समन्वय कर घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को भी कहा। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की।
जिला प्रशासन के अनुसार, गुरुवार को बलौदाबाजार जिले की एक आयरन फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बलौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी बकुलाही क्षेत्र में स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और हादसे के कारणों की गहन व तथ्यात्मक जांच के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।