वाशिंगटन: जॉर्जिया में घरेलू कलह ने ली चार लोगों की जान, भारतीय मूल का आरोपी गिरफ्तार

Washington: Domestic dispute in Georgia claims four lives; Indian-origin suspect arrested.

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। भारतीय मूल के 51 वर्षीय विजय कुमार ने अपनी पत्नी समेत चार रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले को गंभीर घरेलू हिंसा से जोड़कर देखा जा रहा है।

तड़के 2.30 बजे गूंजी गोलियों की आवाज
यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2.30 बजे ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में हुई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के अंदर चार लोगों के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी मीमु डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरिश चंदर (38) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय कुमार और उसकी पत्नी के बीच पहले अटलांटा स्थित उनके घर पर विवाद हुआ था। इसके बाद वे अपने बच्चे के साथ रिश्तेदारों के घर पहुंचे, जहां झगड़ा हिंसक हो गया और आरोपी ने गोलीबारी कर चार लोगों की हत्या कर दी।

12 साल के बच्चे की सूझबूझ से बची जान
इस भयावह घटना के दौरान घर में मौजूद तीन बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई। गोलीबारी शुरू होते ही बच्चे डरकर अलमारी में छिप गए। इनमें आरोपी का 12 वर्षीय बेटा भी शामिल था, जिसने अलमारी के अंदर से ही 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसी कॉल के चलते पुलिस समय रहते घटनास्थल पर पहुंच सकी। राहत की बात यह रही कि तीनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई और उन्हें सुरक्षित रूप से परिवार के अन्य सदस्यों को सौंप दिया गया है।

जंगल से पकड़ा गया आरोपी, भारतीय दूतावास ने जताया शोक
वारदात के बाद आरोपी विजय कुमार पैदल ही फरार हो गया था, जबकि उसका वाहन घर के बाहर ड्राइववे में खड़ा मिला। पुलिस ने K-9 यूनिट की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी को पास के जंगलनुमा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस पारिवारिक त्रासदी से आहत है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment