दरभंगा। केवटी प्रखंड के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पचाढ़ी में शिक्षक प्रमोद कुमार सहित तीन शिक्षकों के तबादले के विरोध में छात्रों का भूख हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह से ही छात्र विद्यालय परिसर से बाहर निकलकर पचाढ़ी चौक पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
पुलिस-प्रशासन ने समझाया, धरना फिर शुरू
सूचना मिलते ही केवटी, रैयाम, सिमरी थानों की पुलिस, डायल-112 टीम, एसडीएम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर विद्यालय परिसर में वापस भेजा, लेकिन छात्रों ने धरना और भूख हड़ताल जारी रखी।
छात्रों की मांग: प्रमोद कुमार का तबादला रद्द हो
छात्रों का स्पष्ट कहना है कि प्रमोद कुमार लोकप्रिय शिक्षक हैं और उनका तबादला रद्द किया जाए।
विद्यालय प्रशासन का जवाब
विद्यालय प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताया। प्राचार्य के अनुसार, हाल में एक छात्र की मौत के मामले में अनुशासन और सुरक्षा के मद्देनजर तीनों शिक्षकों के खिलाफ कड़े कदम उठाए गए हैं, जिसके तहत उनका तबादला किया गया है।
डीएम के निर्देश पर एक सप्ताह की छुट्टी
जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर स्थिति को सामान्य करने के लिए विद्यालय में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित कर दी गई है। नवोदय विद्यालय संगठन के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन मौके पर कैंप कर रहे हैं और निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है और शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।