सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक कोच पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब साढ़े 5 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के इंजन की ओर से पांचवें कोच में अचानक आग भड़क उठी। आग फैलते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों और अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग बुझाने के बाद जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग किया गया है। वहीं, समय में बदलाव कर ट्रेन को करीब दो घंटे बाद रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।