पटना: 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा आयोजित करने की मांग को लेकर पटना हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई आज फिर से टल गई है। अब इस मामले पर पटना हाईकोर्ट आगामी 7 मार्च को सुनवाई करेगा। पप्पू कुमार और अन्य द्वारा दायर की गई याचिका पर एक्टिंग चीफ जस्टिस आशुतोष कुमार की खंडपीठ सुनवाई करेगी, जिसमें जनहित याचिका और अन्य याचिकाओं पर विचार किया जाएगा।
याचिका में धांधली का आरोप
यह मामला 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा लेने की मांग से जुड़ा है। याचिका में बीपीएससी पर परीक्षा में धांधली करने का आरोप लगाया गया था। पहले इस मामले की सुनवाई पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश अरविंद सिंह चंदेल की खंडपीठ में हो रही थी, लेकिन अब इसे एक्टिंग चीफ जस्टिस आशुतोष कुमार की खंडपीठ देखेगी।
सुप्रीम कोर्ट में भी गया था मामला
यह मामला पहले सुप्रीम कोर्ट तक भी गया था। याचिका दाखिल कर इस मामले पर सुनवाई की मांग की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को पटना हाईकोर्ट जाने की सलाह दी और याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अभ्यर्थियों के एक समूह ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर परीक्षा को दोबारा आयोजित करने की मांग की।
बीपीएससी ने घोषित किया रिजल्ट
कोर्ट ने बीपीएससी परीक्षा का रिजल्ट रोकने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद बीपीएससी ने पिछले दिनों पीटी परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। इस परीक्षा में 328,990 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से कुल 21,581 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। आयोग ने 45 दिनों के अंदर परिणाम जारी कर दिया था, जबकि परीक्षा रद्द करने की मांग के बीच परिणाम की घोषणा की गई थी।