इंदौर: रायपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, आपातकालीन लैंडिंग से मचा हड़कंप

Indore: Technical fault in Indigo flight going to Raipur, emergency landing causes panic

इंदौर: मंगलवार सुबह इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद विमान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण आपातकालीन रूप से वापस इंदौर लैंड कराना पड़ा। पायलट की सूझबूझ से विमान देवी अहिल्या बाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 7295 ने सुबह 6:35 बजे इंदौर से रायपुर के लिए उड़ान भरी थी। करीब 30 मिनट बाद यात्रियों ने एक तेज झटका महसूस किया, जिससे घबराहट का माहौल बन गया। थोड़ी ही देर में पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट को वापस इंदौर ले जाया जा रहा है। विमान ने सुबह 7:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।

एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर के अनुसार, पायलट को उड़ान के दौरान एक ‘फॉल्स अलार्म’ यानी झूठा तकनीकी संकेत मिला था। हालांकि यह गड़बड़ी असली नहीं थी, लेकिन सुरक्षा नियमों के तहत इसे गंभीरता से लेते हुए पायलट ने कोई जोखिम न लेते हुए विमान को लौटाने का फैसला किया।

लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सकुशल विमान से उतार दिया गया। इंडिगो ने इस उड़ान को तकनीकी जांच और सुरक्षा कारणों के चलते रद्द कर दिया है। एयरलाइन ने यात्रियों को पूर्ण रिफंड या अगली उपलब्ध फ्लाइट में टिकट रीशेड्यूल करने का विकल्प दिया है।

पायलट की सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले की यात्रियों और प्रशासन दोनों ने सराहना की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment