किसानों के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई योजनाओं का संचालन कर रही हैं, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके और उनकी आय में वृद्धि हो। झारखंड सरकार की ओर से चलाई जा रही किसान समृद्धि योजना ऐसी ही एक पहल है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को खेती और सिंचाई में मदद प्रदान करना है। आइए जानते हैं कि किसान समृद्धि योजना क्या है, इसके तहत कौन-कौन सी मदद मिलती है, और कैसे इसका लाभ उठाया जा सकता है।
क्या है किसान समृद्धि योजना?
किसानों को खेतों की सिंचाई करते समय कई प्रकार की आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के रूप में झारखंड की JMM सरकार ने किसान समृद्धि योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत राज्य के किसानों को खेतों की सिंचाई में मदद मिलती है, ताकि वे आसानी से अपनी फसलों को पानी दे सकें।
योजना से और क्या-क्या मिलती है?
किसान समृद्धि योजना के तहत किसानों को 2 हॉर्सपावर और 5 हॉर्सपावर वाले सिंचाई उपकरण दिए जाते हैं। इन उपकरणों के जरिए किसान आसानी से 5 एकड़ खेत की सिंचाई कर सकते हैं। इसके अलावा, सोलर पावर से चलने वाले इन उपकरणों से किसानों को बिजली की कोई समस्या नहीं होती, जिससे वे किसी भी मौसम में सिंचाई कर सकते हैं।
योजना का फायदा उठाने के लिए शर्तें
- आवेदक का झारखंड का निवासी होना जरूरी है।
- आवेदक के पास खेती योग्य भूमि होनी चाहिए।
- आवेदक की उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए।
- एक परिवार से केवल एक सदस्य ही इस योजना का लाभ ले सकता है।
- आवेदक के पास राशन कार्ड होना चाहिए।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज़
- भूमि की मालगुजारी की रसीद
- वंशावली का शपथ पत्र
- आधार कार्ड
- बैंक खाता विवरण
- आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर
किसान समृद्धि योजना के लिए कैसे करें आवेदन?
- योजना की वेबसाइट https://ksy.jharkhand.gov.in/ पर जाएं।
- पोर्टल से फॉर्म डाउनलोड करें और उसे भरें।
- यहां आपके राशन कार्ड और आधार कार्ड का eKYC होगा।
- CSC के लिए निर्धारित सर्विस चार्ज का भुगतान करें।
- भुगतान के बाद, आप योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
ऑफलाइन मोड पर आवेदन कैसे करें?
- पोर्टल से फॉर्म डाउनलोड करें और सभी जानकारियां सही-सही भरें।
- ग्राम सभा से इस फॉर्म पर मंजूरी लें।
- CSC के लिए निर्धारित सर्विस चार्ज का भुगतान करें।
- योजना के बारे में अधिक जानकारी के लिए आप SAMETI JHARKHAND से संपर्क कर सकते हैं।
इस प्रकार, किसान समृद्धि योजना झारखंड के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो उनकी सिंचाई संबंधी समस्याओं को सुलझा कर उनकी आय में वृद्धि करने में मदद करेगी।