नई दिल्ली: अगर आप रोज-रोज एक जैसी आलू की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं और खाने में कुछ नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो लहसुनी अचारी आलू आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। इस खास रेसिपी में उबले हुए आलुओं को अचार वाले मसालों के साथ पकाया जाता है और ऊपर से लहसुन का सुगंधित तड़का लगाया जाता है, जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। इसे आप पूरी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं।
अचारी आलू बनाने के लिए सामग्री
मुख्य सामग्री
- 4-5 उबले हुए आलू (बड़े टुकड़ों में कटे हुए)
- अचारी मसाला
- 1 चम्मच सौंफ
- 1/2 चम्मच राई
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1/4 चम्मच मेथी दाना
- 1/4 चम्मच कलौंजी
- तड़के के लिए
- 2 चम्मच बारीक कटा लहसुन
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 1/4 चम्मच हींग
अन्य मसाले
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 चम्मच आमचूर पाउडर
- 1/4 चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 2-3 चम्मच सरसों का तेल
- बारीक कटा हरा धनिया
अचारी मसाला कैसे तैयार करें?
सबसे पहले राई, जीरा, सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी को धीमी आंच पर करीब एक मिनट तक सूखा भून लें। ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें। यही मसाला आपकी सब्जी को अचार जैसा खास स्वाद देगा।
बनाने की विधि
एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद उबले हुए आलुओं को डालकर 3-4 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, आमचूर, नमक और तैयार अचारी मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सब्जी को ढककर धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकने दें ताकि मसालों का स्वाद आलुओं में अच्छी तरह समा जाए।
लहसुन का तड़का देगा खास स्वाद
एक छोटे पैन में थोड़ा तेल या घी गर्म करें। इसमें हींग, सूखी लाल मिर्च और बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
अब इस गरमागरम तड़के को तैयार अचारी आलू के ऊपर डाल दें और तुरंत ढक्कन बंद कर दें। इससे लहसुन की खुशबू पूरी सब्जी में समा जाएगी। आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिला लें।
तैयार है चटपटी अचारी आलू की सब्जी
स्वाद से भरपूर लहसुनी अचारी आलू की सब्जी तैयार है। गर्मियों में यह रेसिपी लंच या डिनर का स्वाद बढ़ा सकती है। इसे गरमा-गरम पूरी, पराठे या साधारण दाल-चावल के साथ परोसकर परिवार का दिल जीता जा सकता है।