मोतिहारी: थाना हाजत में दुष्कर्म आरोपी कैदी ने लगाई फांसी, मौत से हड़कंप

Motihari: Rape accused prisoner hangs himself in police station lockup, death creates panic

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के कल्याणपुर थाना परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक ५५ वर्षीय कैदी ने हाजत के अंदर लुंगी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे थाने में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान मदन सिरिसिया पंचायत वार्ड नंबर-१० निवासी गफार अंसारी (उम्र ५५ वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि गफार ने एक विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इसी मामले में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर थाना हाजत में बंद किया था।

बताया जा रहा है कि देर रात या सुबह के समय गफार ने अपनी लुंगी को गले में लपेटकर हाजत की ग्रिल से लटककर जान दे दी। सुबह जब पुलिसकर्मियों ने शोर मचाया तो घटना का पता चला।

सूचना मिलते ही चकिया के एसडीओ, डीएसपी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हाजत में आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और मजिस्ट्रेटी जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

घटना से पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। पुलिस की लापरवाही के भी आरोप लग रहे हैं कि हाजत में कैदी की निगरानी ठीक से नहीं की जा रही थी। मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठने लगी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment