नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू, धनखड़ के इस्तीफे के बाद हलचल तेज

New Delhi: Election process for the post of Vice President begins, stir intensifies after Dhankhar's resignation

नई दिल्ली: जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब देश के नए उपराष्ट्रपति के चयन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को अपने राजपत्र (गजट) में धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित किया, जिसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग को उपराष्ट्रपति चुनाव कराने का अधिकार प्राप्त है। यह चुनाव “राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम, 1952” और “राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव नियम, 1974” के तहत संपन्न होता है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से कराए जाएंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले जरूरी गतिविधियों में शामिल हैं: लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित व मनोनीत सदस्यों की सूची तैयार करना, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और सहायक अधिकारियों की नियुक्ति, और अब तक के उपराष्ट्रपति चुनावों की पृष्ठभूमि का संकलन व प्रचार।

उपराष्ट्रपति पद के संभावित दावेदारों की चर्चा तेज
उपराष्ट्रपति पद के लिए संभावित चेहरों की चर्चा भी जोरों पर है। बिहार की राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र राम नारायण ठाकुर के नाम चर्चा में हैं। वहीं, कुछ हलकों में नीतीश कुमार का नाम भी सामने आ रहा है, हालांकि उनके स्वास्थ्य और राजनीतिक स्थिति को देखते हुए उनकी उम्मीदवारी पर संशय बना हुआ है।

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी आगे चल रहा है, हालांकि उनके नाम को लेकर कोई ठोस आधार सामने नहीं आया है। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का नाम भी दावेदारों में गिना जा रहा है।

धनखड़ का इस्तीफा और प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं
भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उन्हें अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

धनखड़ ने 6 अगस्त 2022 को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया था और 16 जुलाई 2022 को भाजपा ने उन्हें एनडीए की ओर से उम्मीदवार घोषित किया था। अब उनके इस्तीफे के बाद देश एक नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की ओर अग्रसर है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment