नई दिल्ली/इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान जिले के सरगोधा क्षेत्र में हुए एक आतंकी हमले में पाकिस्तानी सेना के मेजर मोइज अब्बास शाह की मौत हो गई। बताया गया है कि यह हमला आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने किया। इस हमले में लांस नायक जिब्रान नामक एक अन्य सैनिक की भी जान चली गई।
मेजर मोइज अब्बास शाह वही अधिकारी हैं, जिन्होंने 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पकड़ा था। उनकी मौत को पाकिस्तान में एक बड़ी सैन्य क्षति के तौर पर देखा जा रहा है।
पाकिस्तानी सेना का दावा है कि इस जवाबी कार्रवाई में उन्होंने टीटीपी के 11 आतंकियों को ढेर कर दिया। यह ऑपरेशन खुफिया सूचना के आधार पर अंजाम दिया गया।
डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बताया कि यह मुठभेड़ 24 जून 2025 को हुई। ISPR के अनुसार, “दक्षिण वजीरिस्तान के सरगोधा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान मेजर मोइज अब्बास शाह और लांस नायक जिब्रान शहीद हो गए।”
इस हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज किए जाने की संभावना जताई जा रही है। TTP पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में हमलों की संख्या बढ़ाता जा रहा है, जिससे देश की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर चुनौती मिल रही है।