पटना: दानापुर से आरजेडी विधायक रीतलाल यादव को मंगलवार को पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सत्यनारायण सिन्हा हत्याकांड में सशर्त जमानत दे दी। हालांकि, उन पर पहले से दर्ज कई आपराधिक मामलों के कारण वे अभी जेल से रिहा नहीं हो पाएंगे।
यह घटना 30 अप्रैल 2003 की है, जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की ‘तेल पिलावन, लाठी घुमावन’ रैली के दौरान भाजपा नेता सत्यनारायण सिन्हा की हत्या कर दी गई थी। खगौल के जमालुद्दीन चौक के पास दिनदहाड़े उनकी गाड़ी को रोककर हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड ने बिहार की राजनीति में उस समय भारी उथल-पुथल मचा दी थी।