प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा: सिवान से लालू यादव पर बड़ा हमला, विकास योजनाओं की दी सौगात

PM Narendra Modi's Bihar visit: Big attack on Lalu Yadav from Siwan, gave the gift of development schemes

सिवान/पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 20 जून को पांचवीं बार 2025 में बिहार का दौरा किया। सिवान में आयोजित जनसभा में उन्होंने बिहारवासियों को हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात दी और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, “आज बिहार को हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मिला है। ये योजनाएं बिहार को तेज़ी से आगे बढ़ाने वाली हैं। मैं कल ही विदेश से लौटा हूं, जहां दुनिया के बड़े नेता भारत की आर्थिक तरक्की से प्रभावित दिखे। उन्होंने भारत को जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर बढ़ते देखा — और इसमें बिहार की अहम भूमिका रहेगी।”

लालू-राजद पर हमला, जंगलराज की याद दिलाई
बिना नाम लिए लालू यादव और राजद पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पंजा और लालटेन वालों ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था। जंगलराज के समय की हालत आज के युवा सिर्फ कहानियों में सुनते हैं। बिहार के लोगों ने मेहनत करके इस अराजकता का सफाया किया है।”

उन्होंने कहा, “राजद-कांग्रेस गठबंधन ने गरीबों के नाम पर लूटा है, शिक्षा और स्वास्थ्य से लोगों को वंचित रखा है, जबकि हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है, जिसमें अकेले बिहार के चार करोड़ गरीब शामिल हैं।”

बिहार को दिए गए बड़े प्रोजेक्ट्स
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, “पिछले 10 वर्षों में बिहार में 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनीं, डेढ़ करोड़ घरों को बिजली और पानी से जोड़ा गया। अब छोटे शहरों में भी स्टार्टअप शुरू हो रहे हैं।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि बिहार ‘मेड इन इंडिया’ का हब बनेगा। यहां के रेल कारखानों में बने इंजन विदेशों में दौड़ेंगे और स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी संबोधन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे में 9518 करोड़ की 32 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है। इसमें दो नई ट्रेनों का शुभारंभ भी शामिल है। उन्होंने कहा, “पहले के शासन में शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे, लेकिन हमने महिलाओं को आरक्षण और सशक्तिकरण दिया। बिहार को लगातार आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।”

नीतीश कुमार ने जातीय गणना का भी ज़िक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

मुख्य बिंदु:

  • पीएम मोदी ने 9518 करोड़ की 32 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया।
  • लालू यादव और राजद पर जंगलराज और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
  • बिहार को ‘मेड इन इंडिया’ का हब बनाने की बात कही।
  • नीतीश कुमार ने पीएम को बिहार के लिए किए कार्यों के लिए धन्यवाद दिया।
  • जनसभा में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।

पीएम मोदी का यह दौरा 2025 के राजनीतिक एजेंडे और विकास रोडमैप की झलक भी देता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment