तेल अवीव: इजराइल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष और भी उग्र हो गया है। मंगलवार को ईरान ने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के तेल अवीव स्थित मुख्यालय पर हवाई हमला किया। इसके साथ ही, ईरानी हमले में इजरायली मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़ी एजेंसी AMAN की इमारत को भी निशाना बनाया गया।
इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया है कि उसने ईरान के युद्धकालीन चीफ ऑफ स्टाफ अली शादमानी को मार गिराया है। शादमानी ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी और सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों में से एक थे। IDF ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “सटीक खुफिया जानकारी और रात के समय मिले मौके के बाद, हमारी एयरफोर्स ने तेहरान के मध्य में स्थित एक मुख्यालय पर हमला किया।”
हमले में मारे गए शादमानी हाल ही में ‘खातेम-अल-अनबिया’ सैन्य आपात मुख्यालय के प्रमुख बनाए गए थे। उन्होंने 4 दिन पहले मेजर जनरल गुलाम अली राशिद की जगह यह पद संभाला था, जो 13 जून को इजरायली हमले में मारे गए थे।
IDF के मुताबिक, अब तक 224 ईरानी नागरिक मारे जा चुके हैं और 1,481 लोग घायल हुए हैं। वहीं इजराइल में 24 नागरिकों की मौत हुई है और 600 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
IDF का कहना है कि शादमानी ईरान की उन योजनाओं में शामिल थे, जो सीधे तौर पर इजराइल को निशाना बनाने के लिए बनाई जा रही थीं। उनके नेतृत्व में ‘खातेम-अल-अनबिया’ कमांड इजरायली ठिकानों पर हमलों की रणनीति बना रहा था।
इससे पहले, ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई ने ‘एक्स’ पर कहा था, “गुलाम अली राशिद की शहादत यहूदी सत्ता की घिनौनी करतूत है। उनकी सेवाओं को देखते हुए अली शादमानी को मेजर जनरल की रैंक और ‘खातेम-अल-अनबिया’ का नया कमांडर नियुक्त करता हूं।”
इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने ईरानी मिसाइल लॉन्चर्स से जुड़े दर्जनों इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर दिया है, जिनमें सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें रखी जाती थीं।
इजराइल-ईरान संघर्ष अब पांचवें दिन में प्रवेश कर चुका है। दोनों देशों के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है। ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के चलते हाइफा, उत्तरी इजराइल और गोलान हाइट्स में एयर रेड सायरन बजने लगे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है।