पटना: बिहार सरकार अति विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए एक और हेलिकॉप्टर लीज पर लेने जा रही है। राज्य के सिविल विमानन विभाग ने मासिक किराए पर हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत नया हेलिकॉप्टर 1 अप्रैल 2026 से बिहार में उपलब्ध हो जाएगा।
प्रति माह 25 घंटे उड़ान की व्यवस्था
सिविल विमानन विभाग ने निर्णय लिया है कि वीवीआईपी और आईपी उपयोग के लिए दो इंजन वाले हेलिकॉप्टर को किराये पर लिया जाएगा। हेलिकॉप्टर की क्षमता 8+2 सीटों की होगी, जबकि वीआईपी कॉन्फ़िगरेशन में यह 7 सीटों वाला होगा। इसके लिए डीजीसीए, भारत के अधीन एनएसओपी धारक ऑपरेटरों से टेंडर मांगे गए हैं। विभाग की शर्तों के अनुसार हेलिकॉप्टर मासिक किराये पर लिया जाएगा और एक महीने में अधिकतम 25 घंटे की उड़ान निर्धारित की गई है।
खराबी की स्थिति में देना होगा बैकअप हेलिकॉप्टर
सरकार की शर्तों के मुताबिक, हेलिकॉप्टर को रखरखाव के लिए हर महीने अधिकतम चार दिनों तक ग्राउंड करने की अनुमति होगी। यदि तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से यह अवधि चार दिनों से अधिक हो जाती है, तो कंपनी को तुरंत बैकअप हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराना होगा।
यदि कंपनी बैकअप हेलिकॉप्टर देने में असफल रहती है, तो उस पर प्रतिदिन निर्धारित मासिक शुल्क का 1/15वां हिस्सा जुर्माने के रूप में लगाया जाएगा। यह राशि मासिक बिल या प्रति घंटे के उड़ान शुल्क से काट ली जाएगी। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से वीवीआईपी आवागमन के लिए हेलिकॉप्टर सेवा निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी।