पटना: बिहार में शिक्षा विभाग के अंदर लगातार बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग का दावा है कि इन कदमों से राज्य में शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव होंगे और राज्य शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल करेगा। इस बीच, शिक्षा विभाग ने अब एक और नया आदेश जारी किया है। इसके अनुसार, राज्य में अब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) के पद पर बहाली नहीं होगी। इसके बजाय, पर्यवेक्षीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न जिलों के कुछ प्रखंडों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का पद रिक्त है, जिसके कारण प्रखंड और जिला कार्यालयों के बीच समन्वय में कठिनाई हो रही है। इसलिए विभाग ने निर्णय लिया है कि पर्यवेक्षीय स्तर के पदाधिकारी को अपने कार्यों के अतिरिक्त (वित्तीय अधिकार सहित) प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के रिक्त पदों पर नियमित या वैकल्पिक व्यवस्था होने तक प्रतिनियुक्त किया जाएगा।
विभाग का यह आदेश प्रशासनिक और विभागीय दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) का कार्य ब्लॉक स्तर पर शिक्षा का प्रशासन करना होता है, जिसमें शिक्षा का पर्यवेक्षण, निरीक्षण, मार्गदर्शन और नियंत्रण शामिल होता है। इसके अलावा, BEO का काम स्कूलों के सकारात्मक विकास के लिए काम करना, शैक्षिक जानकारी प्रदान करना, और जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट करना भी होता है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में मदद करना भी BEO के कार्यों में शामिल है।
हालांकि, पिछले कई सालों से BEO के पदों पर बहाली रुकी हुई थी, और अब शिक्षा विभाग का यह नया आदेश सामने आया है।