वाशिंगटन डीसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार, 13 फरवरी को 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की घोषणा की। ट्रंप ने कहा कि राणा को भारत भेजा जाएगा ताकि वह न्याय का सामना कर सके। तहव्वुर राणा मुंबई हमले का मास्टरमाइंड था।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने बताया, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मेरे प्रशासन ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा को भारत में न्याय का सामना करने के लिए प्रत्यर्पित करने की मंजूरी दे दी है। वह अब भारत वापस जाएगा।”
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पिछले सप्ताह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि भारत राणा के प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है। तहव्वुर राणा का भारत को प्रत्यर्पित किया जाना भारत की एक बड़ी कूटनीतिक सफलता है।
तहव्वुर राणा कौन है? तहव्वुर हुसैन राणा पाकिस्तानी सेना में चिकित्सक था और 26/11 मुंबई आतंकी हमले में उसकी अहम भूमिका थी। वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संपर्क में था और इस हमले की साजिश में शामिल था। राणा का सह आरोपी डेविड हेडली पहले ही अपने अपराध को स्वीकार कर चुका है और राणा के खिलाफ गवाही दी है।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 21 जनवरी को राणा की याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें उसने भारत में अपने प्रत्यर्पण को रोकने की अपील की थी। 26/11 के हमले में 174 लोगों की जान गई थी, जिनमें 20 सुरक्षाकर्मी और 26 विदेशी नागरिक शामिल थे।
अन्य घोषणाएँ: इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका भारत को अपनी सैन्य बिक्री बढ़ाएगा और उसे F35 स्टील्थ लड़ाकू विमान प्रदान करेगा। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए क्वाड साझेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
ट्रंप ने व्यापार और ऊर्जा आयात समझौतों पर भी चर्चा की और कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर इतिहास के सबसे महान व्यापार मार्गों में से एक का निर्माण करेंगे, जो भारत से इजरायल, इटली और फिर अमेरिका तक जाएगा, और सड़कों, रेलमार्गों और समुद्री केबलों के माध्यम से हमारे साझेदारों को जोड़ेगा।
#WATCH | Washington, DC: US President Donald Trump says, "I am pleased to announce that my administration has approved the extradition of one of the plotters (Tahawwur Rana) and one of the very evil people of the world, having to do with the horrific 2008 Mumbai terrorist attack… pic.twitter.com/HxgI5zaelO
— ANI (@ANI) February 13, 2025