भारत में बने ज़हरीले कफ सिरप को लेकर WHO का वैश्विक अलर्ट, 23 नवजातों की मौत के बाद मचा हड़कंप

WHO issues global alert over toxic cough syrup made in India, sparks panic after 23 newborn deaths

जेनेवा: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में निर्मित तीन कफ सिरप को लेकर एक वैश्विक अलर्ट जारी किया है। यह कदम मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में ‘कोल्डरिफ’ सिरप पीने से 23 नवजात शिशुओं की मौत की गंभीर घटना के बाद उठाया गया है। WHO ने सभी देशों से इन दवाओं पर सख्त निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है।

WHO ने जिन तीन दवाओं को खतरनाक करार दिया है, उनमें शामिल हैं:

  • श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स का Coldrif
  • रेडनेक्स फार्मास्यूटिकल्स का Respifresh TR
  • शेप फार्मा का Relife

संस्था ने चेतावनी दी है कि ये उत्पाद जानलेवा हैं और इनका सेवन गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न कर सकता है, खासकर बच्चों के लिए।

भारत की केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने WHO को जानकारी दी है कि यह सिरप कथित तौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों को दिया गया था। लैब जांच में यह बात सामने आई कि सिरप में ज़हरीला रसायन डाइथिलीन ग्लाइकॉल (Diethylene Glycol) निर्धारित सीमा से करीब 500 गुना अधिक पाया गया, जो किडनी फेलियर जैसी जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।

हालांकि, CDSCO ने स्पष्ट किया है कि इन दूषित दवाओं का भारत से कोई निर्यात नहीं हुआ है और अब तक अवैध रूप से भेजे जाने का भी कोई प्रमाण नहीं मिला है।

इस बीच, अमेरिका की FDA (US Food and Drug Administration) ने भी पुष्टि की है कि ये ज़हरीले कफ सिरप संयुक्त राज्य अमेरिका में नहीं भेजे गए हैं।

WHO के इस वैश्विक अलर्ट के बाद दवा नियामक एजेंसियां और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गए हैं और प्रभावित बैचों को बाजार से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। WHO ने चेताया है कि इस तरह के मामलों में तत्काल कार्रवाई न की जाए तो इसका असर वैश्विक स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से पड़ सकता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment