सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को स्कूली छात्राओं के स्वास्थ्य, गरिमा और समान अधिकारों से जुड़े एक महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसले में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी व निजी स्कूलों में लड़कियों के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अदालत ने इस आदेश के पालन के लिए तीन महीने की समय-सीमा भी तय की है।
मासिक धर्म स्वास्थ्य जीवन के अधिकार का हिस्सा
शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार में मासिक धर्म स्वास्थ्य का अधिकार भी शामिल है। कोर्ट ने कहा कि सुरक्षित, प्रभावी और किफायती मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन तक पहुंच से बालिकाओं को यौन और प्रजनन स्वास्थ्य के उच्चतम स्तर तक पहुंचने में सहायता मिलती है। इसके साथ ही स्वस्थ प्रजनन जीवन के अधिकार में यौन स्वास्थ्य से जुड़ी शिक्षा और आवश्यक जानकारी तक पहुंच भी शामिल है।
समानता और अवसर की बराबरी पर जोर
अपने फैसले में अदालत ने कहा कि समानता का अधिकार केवल कानूनी प्रावधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि समान परिस्थितियों में भागीदारी और अवसर की बराबरी के माध्यम से व्यवहार में उतरता है। शिक्षा और विकास के लिए जरूरी संसाधनों की समान उपलब्धता ही अवसर की वास्तविक समानता सुनिश्चित कर सकती है।
कानून से आगे समाज के लिए संदेश
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह फैसला सिर्फ कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज से संवाद का माध्यम भी है। यह उन छात्राओं के लिए है जो कई बार झिझक के कारण मदद नहीं मांग पातीं, उन शिक्षकों के लिए है जो संसाधनों की कमी के चलते असहाय महसूस करते हैं और माता-पिता व समाज के लिए भी यह संदेश है कि प्रगति का सही पैमाना कमजोर वर्गों की सुरक्षा और सम्मान से तय होता है।
कोर्ट ने विशेष रूप से उन छात्राओं का उल्लेख किया जो मासिक धर्म से जुड़ी असुविधाओं और सामाजिक झिझक के कारण स्कूल से दूर रह जाती हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि इसमें छात्राओं की कोई गलती नहीं है और यह संदेश न्यायालय की सीमाओं से बाहर समाज की सामूहिक चेतना तक पहुंचना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख निर्देश
- सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक सरकारी और निजी विद्यालय में लिंग-विभेदित शौचालय और पर्याप्त पानी की सुविधा उपलब्ध हो।
- नए स्कूलों के निर्माण में गोपनीयता और दिव्यांगजनों के अधिकारों का विशेष ध्यान रखा जाए।
- विद्यालयों के शौचालय परिसरों में पर्यावरण के अनुकूल (बायोडिग्रेडेबल) सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएं।
- मासिक धर्म से जुड़ी आपात स्थितियों के लिए अतिरिक्त यूनिफॉर्म और आवश्यक सामग्री सहित मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन केंद्र स्थापित किए जाएं।
बालिका शिक्षा और गरिमा की दिशा में अहम कदम
विशेषज्ञों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। इससे स्कूलों में छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली झिझक और भेदभाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।